फैशन का दीवाना, 40 में भी मस्ताना


22 मई 2003. छह फुट दो इंच कद का बीस साल का एक छरहरा युवक 613 नंबर की कैप के साथ इंग्लैंड के लिए जिम्बाब्वे के खिलाफ ऐतिहासिक लॉर्ड्स पर टेस्ट पदार्पण कर रहा है. नाम है जेम्स मिशेल एंडरसन. प्यार से उसे जिमी भी बुलाया जाता है. पदार्पण टेस्ट की पहली ही पारी में एंडरसन ने पांच विकेट चटकाकर अपना डंका बजा दिया है. उसने साबित कर दिया है कि स्विंग कराने की उसमें अपार क्षमता है.  न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया नॉटिंघम टेस्ट की दूसरी पारी में टॉम लैथम को बोल्ड कर एंडरसन ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 650 विकेट पूरे कर लिए. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एंडरसन पहले ऐसे तेज गेंदबाज हैं जो इस मुकाम पर पहुंचे. 

बहरहाल इस हुनरमंद तेज गेंदबाज में एक आला दर्जे का फैशन डिजाइनर छुपा हुआ है, जो शायद बहुत कम लोगों को पता है. टेस्ट में पदार्पण के एक महीने के भीतर ही वह अपनी हेयर स्टाइल के कारण इंग्लैंड के क्रिकेट प्रेमियों में स्टार बन गए थे. उनकी स्टाइलिश रहन-सहन भी चर्चा का विषय थी. फैशन में अत्यधिक रुचि की वजह से एंडरसन की तुलना उनके हमवतन जानेमाने फुटबॉलर डेविड बेकहैम के साथ होने लगी थी. क्रिकेट में शोहरतमंद बनने के बावजूद एंडरसन की फैशन के प्रति दीवानगी कम नहीं हुई. 2012 में उन्होंने फैशन डिजाइनिंग की दुनिया में कदम रखा और दो साल बाद पुरुषों के लिए अपने कलेक्शन ‌‘चेस लंदन’ को लांच किया. एंडरसन खुद भी कहते हैं, ‘मैं पहला क्रिकेटर हूं जो फैशन डिजाइनर भी हूं.’ बहरहाल, 19 साल गुजर जाने के बावजूद एंडरसन के स्विंग की वहीं दहशत है. गेंद ने टप्पा कब खाया, बल्ले का बाहरी किनारा कब लगा और कब विकेट कीपर या स्लीप में कैच चला गया...बल्लेबाज की कल्पना से सबकुछ परे. अगले महीने की 30 तारीख को जिंदगी के 40 बसंत पूरे करने जा रहे एंडरसन का उत्साह उस खिलाड़ी से कतई कम नहीं जो पदार्पण कर रहे खिलाड़ी में देखा जाता है. इस उम्र में क्रिकेटर संन्यास लेकर किसी टीम का कोच, कमेंटेटर या मेंटर बना होता है लेकिन एंडरसन से उम्र हार गई है. 39 में भी वह बिजलियां गिराए जा रहे हैं. अपनी स्विंग से दुनियाभर के बल्लेबाजों को खौफ में रख रहे हैं. 171 टेस्ट मुकाबलों में उनके नाम 651 विकेट हो चुके हैं और इसका श्रेय जाता है उनकी फिटनेस को. स्पिन गेंदबाजों की बात समझी जा सकती है. क्योंकि वे गेंदबाजी में उतनी शक्ति नहीं लगाते जितने कि तेज गेंदबाज. तेज गेंदबाजों का रन अप लंबा होता है और गेंद को गति देने के लिए वे पूर जान झोंक देते हैं. स्पिन गेंदबाजी यानी उंगली या कलाई का कमाल लेकिन तेज गेंदबाजी तो भुजाओं का कमाल है... और जिस प्रारूप में एंडरसन ने 650 विकेट लिए वह गेंदबाजों को ‘कोटा’ की इजाजत नहीं देता. वनडे में दस और टी-20 प्रारूप में गेंदबाजों का चार ओवर का कोटा होता है लेकिन टेस्ट में तो उसे तब तक गेंदें करनी हैं जब तक कप्तान मोर्चे से हटाता नहीं है. इसके लिए फिटनेस से बढ़कर कोई हथियार तेज गेंदबाज के लिए नहीं होता.  एंडरसन को आप मौजूदा समय में टेस्ट क्रिकेट का भीष्म पितामह कह सकते हैं. हालांकि उनकी फिटनेस का श्रेय इंग्लैंड के कप्तानों को भी जाता है जिन्होंने सही ढंग से इस गेंदबाज का प्रयोग किया. उनका मूल्य पहचानते हुए कप्तान उन्हें छोटे-छोटे स्पेल देते रहे. एंडरसन की फिटनेस देख लगता है कि उनमें आगे् भी दो-तीन साल का क्रिकेट बाकी है.


वनडे में भी जलवा

टेस्ट के अलावा एंडरसन इंग्लैंड के लिए 194 वनडे और 19 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भी खेल चुके हैं. वनडे में एंडरसन 4.29 की इकॉनमी रेट से 269 विकेट ले चुके हैं. वनडे में भी एंडरसन इंग्लैंड के लिए सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. टी-20 में उनके नाम 18 सफलताएं दर्ज हैं



सर्वाधिक टेस्ट विकेट हासिल करने वाले तेज गेंदबाज

650- जेम्स एंडरसन

563- ग्लेन मैकग्रा 

543- स्टुअर्ट ब्रॉड 

519- कोर्टनी वॉल्श  

439- डेल स्टेन 

434- कपिल देव



Comments